ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को गुरुवार सुबह दो युवकों ने गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है।
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक राम सेन सिंह ने बताया कि दादरी कस्बे में संध्या नामक महिला अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। दो दिन से उनके घर पर दो लड़के प्लॉट देखने के बहाने आ रहे थे। उनकी गतिविधियों पर संदेह होने पर संध्या ने अपने परिचित अरुण को फोन कर इसकी जानकारी दी थी।
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, गुरुवार सुबह भी दो युवक संध्या के घर पर प्लॉट देखने के बहाने पहुंचे थे। इसके चलते संध्या ने अरुण को फोन करके अपने घर बुलाया था। जब अरुण वहां पहुंचा तो उसे संध्या मृत मिली। अरुण ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि संध्या के सिर में गोली मारी गई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि संध्या का उसके पति से विवाद चल रहा था, तथा परिवार अदालत में उनका मामला विचाराधीन है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस महिला के पति से पूछताछ कर रही है।