शादी का झांसा देकर छात्रा से दो वर्ष तक दुष्कर्म के आरोप में चौबेपुर निवासी अरविंद यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। अरविंद विवाहित है। इसके लिए पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई थी।
तहरीर के अनुसार देवरिया के सलेमपुर क्षेत्र की रहने वाली छात्रा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहड़िया क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। इस दौरान उसकी मुलाकात अरविंद से हुई। अरविंद ने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक सम्बन्ध बनाया। जब वह गर्भवती हो गई तो जबरन गर्भपात भी करा दिया।
इसी बीच छात्रा को अरविंद के शादीशुदा होने की जानकारी हुई तो उसने विरोध किया। इस पर अरविंद ने उसे बुरी तरह से पीटा, जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गयी। अब अरविंद उसे शांत न रहने पर आपत्तिजनक फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। प्रकरण की शिकायत पीड़िता ने जनशिकायत प्रकोष्ठ में की जिस पर एसएसपी ने कैंट पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।