जमशेदपुर एफसी ने मंगलवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सीजन-5 के अपने पहले मैच में मुंबई सिटी एफसी को 2-0 से हरा दिया। मुंबई फुटबाल एरेना में खेले गए इस मैच में जमशेदपुर के लिए मारियो अक्वेर्स ब्लास्को और पाब्लो मागार्डो ने गोल किए। यह आईएसएल में मुम्बई पर जमशेदपुर की लगातार दूसरी जीत है। बीते सीजन में मुम्बई में खेलते हुए जमशेदपुर ने मेजबान टीम को 2-0 से हराया था।
मुंबई ने हालांकि अपने घर में खेले गए इस मैच में दूसरे हाफ में दो बार बराबरी कर ली थी लेकिन दोनों बार उसके गोल ऑफ साइड करार दे दिए गए। इस जीत के साथ ही जमशेदपुर ने मुंबई के ऊपर अपने अजेय अभियान को जारी रखा है। जमशेदपुर एफसी ने बीते साल पहली बार इस लीग में हिस्सा लिया था और मुम्बई से दो बार भिड़ी थी। पहले मैच में उसने अपने घर में मुम्बई को 2-2 की बराबरी पर रोका था और फिर मुम्बई को उसी के घर में 2-1 से हराया था।
शुरुआती 15 मिनट में दोनों टीमों की ओर से कुछ छोटे-छोटे हमले हुए। किसी में कुछ खास दम नहीं था। ऐसा लग रहा था कि पहला गोल होने में अभी वक्त लगेगा लेकिन तभी ब्लास्को ने काल्वो सोवराडो द्वारा बाएं फ्लैंक से बॉक्स के अंदर मिले एक शानदार पास पर हेडर के जरिए गोल करते हुए नजारा ही बदल दिया। इसके बाद मुम्बई ने अपने हमले तेज किए लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।
जमशेदपुर के लिए गोल करने वाले ब्लास्को को दूसरे हाफ में 49वें मिनट में येलो कार्ड मिला। इससे पहले जमशेदपुर के गोलकीपर चौधरी ने गोल लाइन से टिरी के प्रयास को विफल कर मुंबई को स्कोर बराबर करने से रोक दिया। 84वें मिनट में एक बार फिर मुंबई ने गोल कर दिया लेकिन उसकी किस्तम खराब निकली क्योंकि गोल करने वाले सोगोउ को ऑफ साइड करार दे दिया गया। ऐसा लगा कि मैच 1-0 के स्कोर पर ही समाप्त होगा लेकिन मोगार्डो ने सर्गियो फनार्ंदेज की मदद से 95वें मिनट में गोल करते हुए अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।