देश के शेयर बाजारों में शुक्रवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। विदेशी बाजार से मिले कमजोर संकेत और निवेशकों की बिकवाली के दबाव में बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 510 अंकों की गिरावट के साथ 33,176 पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) निफ्टी 165 टूटकर 10,195 पर बंद हुआ।
छोटे-मझोले शेयर भी धड़ाम
बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक में भी गिरावट देखी गई। मिडकैप सूचकांक 176 अंकों की गिरावट के साथ 16,219 पर बंद हुआ। वहीं स्मॉलकैप 178 अंकों की गिरावट के साथ 17,576 पर बंद हुआ।
बीएसई के सभी सेक्टर लुढ़के
बीएसई के सभी सेक्टरों में गिरावट दर्ज की गई। इसमें सबसे अधिक 2.30 फीसदी का नुकसान धातु सेक्टर में हुआ। इसके बाद तेल और गैस में 2.09 फीसदी और ऊर्जा में 1.97 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बिजली और उद्योग 1.69 फीसदी नुकसान के साथ गिरावट वाले प्रमुख सेक्टरों में शामिल रहे।
बाजार में ऊहापोह
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह 0.32 अंकों की तेजी के साथ 33,686 पर खुला था। अंत में यह 1.51 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 33,691 के ऊपरी और 33,120 के निचले स्तर को छुआ। एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी सुबह 15 अंकों की गिरावट के साथ 10,345 पर खुला था। अंत में यह 1.59 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ। दिनभर के कारोबार में निफ्टी ने 10,346 के ऊपरी और 10,180 के निचले स्तर को छुआ।