विधानसभा सत्र में प्रस्ताव लाएगी उत्तराखंड सरकार

विधानसभा सत्र में प्रस्ताव लाएगी उत्तराखंड सरकार

राज्य सरकार आगामी विधानसभा सत्र में गाय को राष्ट्रमाता बनाने का प्रस्ताव पारित कर केन्द्र सरकार को भेजेगी। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह ने गो भक्तों से इसके लिए नियम 300 के तहत विधानसभा में खुद प्रस्ताव लाने का आश्वासन दिया है।

रविवार को परेड ग्राउंड में गो माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए आयोजित गो राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा महारैली में सीएम के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि भाजपा ने 2008 में हुई कथा में भी इसका संकल्प लिया था और अपने संकल्प के प्रति भाजपा सरकार वचनबद्ध है।

यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने कहा कि वह पहले ही गैर सरकारी संकल्प के रूप में गो माता को राष्ट्रमाता बनाने का प्रस्ताव विधानसभा में ला चुके हैं। राजपुर रोड विधायक खजानदास ने भी गो राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा महारैली का समर्थन किया। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि यदि भाजपा विधानसभा में इस तरह का प्रस्ताव लाएगी तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगा।

गो क्रांति मंच के अग्रदूत आचार्य गोपालमणि महाराज ने बताया कि पचास से अधिक विधायक गो माता को राष्ट्रमाता बनाने का लिखित आश्वासन दे चुके हैं। गो क्रांति को सफल बनाने के लिए हर घर में गो पालन से लेकर गोबर, गोमूत्र को सीधे रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था करनी होगी। दस वर्ष तक बालक-बालिकाओं को निशुल्क भारतीय गाय का दूध उपलब्ध कराने, किसानों को भारतीय नस्ल की गाय उपलब्ध कराने, गो चारण भूमि गायों के लिए उपलब्ध कराने और गो हत्यारों को मृत्युदंड का प्रावधान करने से ही गो माता को संरक्षण मिलेगा। उन्होने कहा कि गो माता को राष्ट्रमाता बनाने की मुहिम धीमी नहीं पड़ने दी जाएगी। इसे राष्ट्रव्यापी मुहिम बनाया जाएगा।

लोकगायक प्रीतम भरतवाण, गायिका मीना राणा, रेशमा शाह ने इस दौरान जुटे भक्तों के लिए लोकगीत गाए और अभियान को पूरा समर्थन दिया। संचालन डा.रामभूषण बिजल्वाण ने किया। इस मौके पर धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, आचार्य सीताशरण, मनोहर लाल जुयाल, बलबीर सिंह पंवार, सुभाष शर्मा, आचार्य विपिन जोशी, अजय पाल सिंह रावत, आचार्य सूरत राम डंगवाल, आचार्य राकेश सेमवाल, मनीष वर्मा, वसुमति पंवार, सरला मैठाणी आदि मौजूद रहे।

परेड ग्राउंड में जुटे सैकड़ों गोभक्त
भारतीय गो क्रांति मंच के बैनर तले परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल रैली में सैकड़ों की संख्या में गो भक्त दून में उमड़ पड़े। करीब पांच सौ बसों, सैकड़ों छोटी गाड़ियों में गढ़वाल और कुमाऊं से गोभक्त शनिवार रात से ही जुटने शुरू हो गए थे। इस दौरान गो माता के जयकारों से पूरा पंडाल गुंजायमान रहा। परेड ग्राउंड के चारों ओर रैली निकालकर गो भक्तों ने अपनी आवाज उठाई।

गो माता के लिए अलग मंत्रालय बनाने की मांग
पूरे दिन चली महारैली में गो क्रांतिमंच उत्तराखंड के अध्यक्ष शूरवीर सिंह भटूड़ा ने गो माता के लिए अलग से गो मंत्रालय स्थापित करने की मांग की। समाज सेवी महेंद्र प्रताप सिंह नेगी ने कहा कि गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने के लिए राज्य के हर गांव में उत्तराखंड राज्य प्राप्ति की तरह आंदोलन चलाया जाएगा। आचार्य विपिन जोशी ने कहा कि गोमाता के लिए अलग से गो मंत्रालय स्थापित करना सबसे अहम बिंदु है। राज्य सरकार यदि इस विधानसभा सत्र में प्रस्ताव नहीं लाएगी तो मंच अपने आंदोलन को तेज करेगा।

सभा में सुभाष चमोली, सुमित नौटियाल, आशीष भट्ट, सुधीर सेमवाल, महावीर तिवाड़ी, मुकेश पयाल, राकेश रावत, अंकित ज्वाड़ी, प्रभात बिष्ट, कुसुम पंवार, शेखर सिंह, अनुज पंडित, अनुज उनियाल, भरत कोटवाल, संजय थपलियाल, जोगेंद्र मालदार, केशव, बिजेंद्र पंवार, बुद्धि सिंह पुंडीर, महादेव, वीर सिंह ज्वाड़ी, कपिल खडूड़ी, संजय राणा, नरेंद्र राणा, राकेश गुसाईं, सुरेश नेगी, जगमोहन मोर्य, वीरेंद्र थापा आदि मौजूद रहे।

वाद्य यंत्रों के बीच निकाली रैली
राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे गो भक्त रविवार सुबह रायपुर स्थित शिवमंदिर चौक पर एकत्रित हुए। यहां संत गोपाल मणि का गो क्रांति मंच के पदाधिकारियों ने सम्मान किया। इसके बाद भगवा झंडों और पहाड़ी वाद्य यंत्रों के साथ परेड ग्राउंड तक आकर्षक रैली निकाली गई। गो गंगा संत गोपाल मणि के आह्वान पर गौ माता का जयघोष करते हुए परेड ग्राउंड में पहुंचे। इस दौरान गौ भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।

अन्य राज्यों से भी आए गो भक्त
गो राष्ट्रमाता प्रतिष्ठा महारैली के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से भी गो भक्त पहुंचे। गो क्रांतिमंच के संरक्षक अजयपाल सिंह रावत ने बताया कि उत्तराखंड के अलावा दिल्ली, चंडीगढ़, यूपी, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान आदि राज्यों से गो भक्त पहुंचे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up