लघु सिंचाई विभाग के रिटायर कमिश्नर हरेंद्र प्रसाद सिंह और उनकी पत्नी सपना दास गुप्ता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। घटना बुद्धा कॉलोनी थानांतर्गत दुजरा चक के पास मुर्गी फार्म गली स्थित मकान नंबर बी-6 में गुरुवार की रात हुई। वृद्ध दंपती का शव घर के भीतर के कमरे में जमीन पर पड़ा था। रिटायर कमिश्नर हरेंद्र प्रसाद सिंह के निजी कमरे तक पहुंचने के लिए एक ही इंट्री गेट है। उनके घर में कुल 54 किरायेदार रहते हैं। ऐसे में किसी बाहरी का उनके निजी कमरे तक इतनी आसानी से पहुंच पाना मुमकिन नहीं है।
एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि प्रथमदृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। उम्मीद है कि जल्द ही इसकी गुत्थी सुलझा ली जाएगी। कातिल दूर का नहीं है।
डबल मर्डर की मिस्ट्री को सुलझा रही पुलिस टीम का दावा है कि वृद्ध दंपती का कातिल दूर का नहीं है। इस कोल्ड ब्लडेड (सुनियोजित साजिश) मर्डर को अंजाम देने वाले कातिलों को पहले से रिटायर कमिश्नर और उनकी पत्नी के बारे में पूरी जानकारी थी। मौका देखकर उन्होंने दोनों को मार डाला।
यानी रात आठ से नौ बजे के बीच हुआ मर्डर
रात आठ बजे वृद्धा के कहने पर शोएब दवा लाने गया। तुरंत वह दवा लेकर आ गया, जबकि नौ बजे जब उसकी पत्नी कमरे में गयी तो दंपती की लाश वहां पड़ी थी। यानी दोनों की हत्या रात आठ से नौ बजे के बीच हुई है।
दो शादियां की थीं, बाहर रहते हैं बच्चे
हरेंद्र प्रसाद सिंह ने दो शादियां की थीं। सपना दास गुप्ता उनकी दूसरी पत्नी थीं। पहली पत्नी कंकड़बाग में रहती हैं। पहली पत्नी से हरेंद्र को दो बेटे हैं, दोनों पटना में ही रहते हैं। वहीं दूसरी पत्नी से एक बेटा ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह और एक बेटी गेली है। बेटा दिल्ली में डॉक्टर हैं, जबकि बेटी ऑस्ट्रेलिया में रहती है।
मौत की खबर सुनते ही अस्पताल पहुंचे परिजन
वृद्धा की बहन किदवईपुरी में रहती हैं। परिवार के कई सदस्य पटना में ही हैं। दंपती की हत्या की खबर सुनते ही परिजन बोरिंग कैनाल रोड स्थित अस्पताल पहुंच गए। पटना में रहने वाले दोनों बेटे भी उन्हें देखने पहुंचे। किरायेदारों ने बताया कि पहली पत्नी बुद्धा कॉलोनी स्थित घर पर नहीं आती थीं। रिटायर कमिश्नर ही उनसे मिलने कंकड़बाग स्थित उनके घर जाते थे।
देर रात मकान के बाहर लगी भीड़
डबल मर्डर की खबर मिलते ही देर रात रिटायर कमिश्नर के घर के सामने भीड़ जमा हो गयी। सैकड़ों लोग अपनी छतों और सड़क पर आकर पुलिसिया गतिविधि देख रहे थे।