इन 6 चीजों से दोस्ती बदल देगी जिंदगी

इन 6 चीजों से दोस्ती बदल देगी जिंदगी

खाने के साथ अच्छा रिश्ता अच्छी सेहत की नींव होता है। हेल्दी खाना खाने से जिंदगी की आधी से ज्यादा परेशानी तो यूं ही हल हो जाती है। मगर भागदौड़ भरी जिंदगी और खाने के मामले में ना-नुकुर रोजमर्रा की लाइफस्टाइल से पोषण को दूर कर देती है। मगर पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि सेहत का हाल सुधारने के लिए इन 6 खाने की चीजों से दोस्ती करना अच्छा होगा। यह पेट को दुरुस्त रखने के साथ ही जरूरी पोषक तत्व भी देती हैं। स्वाद में अगर ज्यादा अच्छा न लगे, तब भी इन चीजों को अपने खानपान का हिस्सा बनाना अच्छा रहेगा। आइए जानते हैं इनके बारे में

हरी पत्तेदार सब्जियां
पालक, सरसों का साग, सलाद, गांठ गोभी, पत्ता गोभी में एंटीऑक्सीडेंट का खजाना है और इन्हें पोषक तत्वों का पावरहाउस भी कहा जाता है। इन सभी सब्जियों में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है। फाइबर शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बरकरार रखता है, जो दिल की सेहत को दुरुस्त रखने के लिए बहुत जरूरी है। यह सभी सब्जियां पाचन में भी काफी मददगार हैं और आंतों की सेहत के लिए अच्छी होती हैं।

प्रोटीन से भरपूर अंडे
अंडों प्रोटीन का सबसे सरल स्रोत कहे जाते हैं। प्रोटीन की जरूरत मांसपेशियों के निर्माण और वजन घटाने में होती है। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर के मुताबिक 100 ग्राम अंडों में सिर्फ 52 कैलोरी होती हैं। इसके अलावा इनमें विटामिन डी भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। यह दांत और हड्डियों की सेहत के लिए बेहद जरूरी होता है। कुछ शोध में यह भी पता चला है कि अंडे दिल की सेहत दुरुस्त रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। शाकाहारी लोग अपने खानपान में पनीर, टोफू और सोया को शामिल कर इन जरूरतों को पूरा कर सकते हैं।

आंतों के लिए सही होती है दही
पूरी सेहत अच्छी रखनी है, तो सबसे पहले आंतों पर ध्यान देना जरूरी है। आंतों की खस्ताहालत अपच और खराब प्रतिरोधक क्षमता को जन्म देती है। इससे इरिटेबल बाउल सिंड्रोम और अन्य परेशानियां हो सकती हैं। आंतों में मौजूद गुड बैक्टीरिया की संख्या बरकरार रखने के लिए दही सबसे अच्छा विकल्प है। इसमें जरूरी गुड बैक्टीरिया होती हैं, जो पाचन तंत्र को सही रखने में मदद करते हैं। एक कटोरी दही में कैल्शियम, विटामिन बी-2, विटामिन बी-12, पोटैशियम और मैग्नीशियम होता है।

एंटीऑक्सीडेंट की खान होते हैं जामुन और बेरी
जामुन और उसी जैविक परिवार के अन्य फल बेरी में एंटीऑक्सीडेंट की भरपूर मात्रा होती है। एंटीऑक्सीडेंट फ्री रैडिकल्स के असर से सेल्स को बचाने में मदद करते हैं। इनके नियंत्रण में होने से त्वचा की झुर्रियों की समस्या, इम्यूनिटी की समस्या और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी होने का खतरा कम हो जाता है।

कैल्शियम से भरपूर एक गिलास दूध 
क्या आप जानते हैं एक गिलास दूध को संपूर्ण आहार क्यों कहा जाता है। दूध में प्रोटीन, फैट, कार्बोहाइड्रेट, विटामिन और कई मिनरल प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। यह सभी तत्व अच्छी सेहत के लिए बेहद जरूरी होते हैं। दूध कैल्शियम और विटामिन डी का अच्छा स्रोत है, इसलिए यह हड्डियों की सेहत के लिए बहुत जरूरी होता है। इसके अलावा इसमें विटामिन ए, बी1, बी2, बी12, कोलीन, पोटैशियम और मैग्नीशियम भी होता है। दूध पीने से त्वचा की सेहत के लिए जरूरी कोलेजेन का स्तर भी सुधरता है।

स्वस्थ दिल और गुड फैट के लिए जरूर खाएं नट्स
अखरोट, बादाम और काजू सिर्फ खीर और हलवे का स्वाद ही नहीं बढ़ाते हैं, यह दिल की सेहत भी बनाते हैं। यह कैल्शियम, मैग्नीशियम, जिंक, आयरन, विटामिन ई और फोलेट का अच्छा स्रोत होते हैं। इनमें गुड फैट भी काफी मात्रा में पाई जाती है। यह शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन के भंडार का भी बेहतरीन विकल्प होते हैं। इसमें पाई जाने वाली मोनो सैचुरेटेड फैट दिल का स्वास्थ्य बेहतर करती है और एलडीएल व एचडीएल कोलेस्ट्रॉल स्तर को भी बरकरार रखती है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up