उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के नंदिनी नगर महाविद्यालय के होनहार छात्र और कुश्ती के सरताज बजरंग द्वारा एशियाई खेल में स्वर्ण पदक जीतने के बाद यहां खुशियों का माहौल है। नंदिनी नगर कुश्ती प्रशिक्षण केन्द्र से दांव-पेंच सीखने वाले बजरंग की इस उपलब्धि से देवीपाटन के ही नही देश गौरव छा गया। रविवार शाम को यहां नंदिनी नगर महाविद्यालय इस खबर से झूम उठा। प्रदेश कुश्ती संघ उपाध्यक्ष करण भूषण सिंह ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है। महाविद्यालय प्रशासन डॉ राम कृपाल सिंह और केन्द्र प्रभारी डॉ सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव के क्षण है।
बता दें कि रविवार को पहलवान बजरंग पूनिया ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए भारत का एशियाई खेल में स्वर्ण पदक का खाता खोल दिया है। बजरंग ने यह स्वर्ण पदक 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में जीता। उन्होंने फाइनल बाउट में जापान के ताकातानी दाइची को 11-8 अंकों से शिकस्त दी। ताकातानी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इंचियोन एशियाई खेल 2014 में उनके हिस्से रजत पदक आया था। बजरंग ने एशियाई खेलों से पहले लगातार तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किये थे। उन्होंने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में, जार्जिया में तबलिसी ग्रां प्री और इस्तांबुल में यासर दोगु अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिताब जीता था।