लोगों ने अटल जी को दी श्रद्धांजलि

लोगों ने अटल जी को दी श्रद्धांजलि

भाजपा के शिखर पुरुष पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी के मृत्यु की खबर मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बलरामपुर संसदीय क्षेत्र से अपनी राजनीतिक पाठशाला की शुरुआत करने वाले अटल जी के चहेतों की आंखें नम हो गईं। जगह जगह शोक सभाएं आयोजित कर उन्हें लोगों ने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से आहत उनके सहयोगी पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लाट बक्श सिंह ने कहा कि अटल जी के मृत्यु के साथ ही एक युग का अंत हो गया। यह देश की अपूर्णनीय क्षति है। जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती है। श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्रा ने अटल जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह राजनीति के अजात शत्रु थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन देश के लिए समर्पित किया था। उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि अटल जी ने राजनीति में एक नया मानक गढ़ा था। उन्होंने सत्ता के लिए कभी अपने वसूलों से समझौता नहीं किया। ऐसे व्यक्तित्व के खोने का दर्द देश के सभी नागरिकों में हमेशा रहेगा।
तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला कहते हैं कि कई बार अटल जी को नजदीक से देखने व सुनने का मौका मुझे मिला था। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राजनीति के क्षेत्र में सेवा करने का मन बनाया था। आज उनके निधन से ऐसा लग रहा है कि सर से एक अभिभावक का साया चला गया।
गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने कहा कि अटल जी ने देश को एक नई दिशा प्रदान की थी। पोखरण परीक्षण कराकर उन्होंने पूरी दुनिया में हिन्दुस्तान को एक शक्तिशाली देश के रूप में पेश किया था। उनकी कमी हमेशा खलेगी। उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने भी अटल जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें युग पुरुष बताया। जिले के विभिन्न राजनैतिक व सामाजिक संगठनों के लोगों ने अटल जी को अपनी भावभीनी श्रद्घांजलि अर्पित की है। श्रद्घांजलि अर्पित करने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश सिंह, महामंत्री डा़ अजय सिंह पिंकू, चंद्र प्रकाश सिंह, पूर्व मंत्री हनुमंत सिंह, शिवप्रताप सिंह शिवजी, बृजेन्द्र तिवारी, अजय कृष्ण पाण्डेय, वरुण सिंह मोनू, डीपी सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्षा मंजू तिवारी, कुसुम चौहान, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, डा. हुकुम सिंह, पवन कुमार वर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, पूर्व विधायक मंगलदेव सिंह, कमलेश सिंह, पूर्व सांसद चंद्रभाल मणि तिवारी, पूर्व राज्यमंत्री डा़ एसपी यादव, सलिल सिंह टीटू, शाबान अली, पूर्व नपाप अध्यक्षा इशरत जमाल, इकबाल जावेद फ्लावर, संजय शर्मा, स्वर्णलता श्रीवास्तव, रंजना पाण्डेय, संजय शर्मा आदि शामिल रहे। पैगाम संस्था की ओर से वीर विनय चौक पर अटल के निधन पर कैंडिल मार्च निकाला गया। जिसमें संस्था संस्थापक आजाद सिंह सहित कई अन्य लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up