कुछ अधिकारी भाजपा के इशारे पर कर रहे फर्जी केस

कुछ अधिकारी भाजपा के इशारे पर कर रहे फर्जी केस

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना कि कुछ अधिकारी भाजपा के इशारे पर फर्जी केस लगा रहे हैं। उनके विरुद्ध तथ्य एकत्र किए जा रहे हैं। समय आने पर ऐसे अधिकारी कार्यवाही से बच नहीं पाएंगे।

अखिलेश ने यह बात शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कही। उन्होंने कहा कि जातिवाद व सांप्रदायिक उन्माद लोकतंत्र के लिए अभिशाप है। भाजपा जातिवादी राजनीति को सफलता के लिए आसान तरीका मानती है। समाज को बांटना और परस्पर सद्भाव को बिगाड़ना उनकी साजिश का हिस्सा है। विकास में अवरोध पैदा करना भी उनकी फितरत में है। समाजवादी पार्टी सार्थक और सकारात्मक राजनीति में विश्वास रखती है और जाति-धर्म की विभेदकारी नीतियों से परहेज करती है।
श्री यादव ने कहा कि राज्य में कानून का राज नहीं रह गया है। सबसे बड़ा संकट निर्दोषों के सामने है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की पक्षधर है और हमारी मांग है कि जाति जनगणना के आधार पर आनुपातिक अधिकार, अवसर और सम्मान दिया जाए। सभी के साथ न्याय संगत व्यवहार हो।

मथुरा में समाजवादी सरकार के कार्यों की नाम पट्टिका को भाजपा के इशारे पर हटाया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में यह शिलान्यास का शिलान्यास और उद्घाटन का उद्घाटन की नई परंपरा विकसित हुई है जो लोकतंत्र के लिए स्वस्थ तरीका नहीं है।

अखिलेश से अवैध खनन की शिकायत 

सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मंत्रियों के संरक्षण में राम गंगाघाट सिरौली तहसील आँवला, बरेली में भारी पैमाने पर खनन का कारोबार चलने की शिकायत की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up