गूंगी बालिका के साथ गैंगरेप, हालत बिगड़ी

गूंगी बालिका के साथ गैंगरेप, हालत बिगड़ी

दो दिन पूर्व 12 वर्षीय गूंगी बालिका के साथ गांव के ही चार युवकों ने गैंगरेप किया। बालिका की हालत बिगड़ गई तो घरवाले उसे पुलिस के पास ले गए। लेकिन औंछा पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा। शुक्रवार को घरवाले बालिका को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। एडीएम के निर्देश पर बाल कल्याण समिति ने बालिका को पुलिस की मदद से सैफई में भर्ती कराया है। फटकार के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखा।

औंछा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 12 वर्षीय बालिका के पिता की मौत हो चुकी है। बेहद गरीब परिवार की बालिका अपनी मां के साथ गांव में रहती है। शुक्रवार को एडीएम के पास शिकायत लेकर पहुंची बालिका और उसकी भाभी ने पीड़ा बताई। बाल कल्याण समिति के पदाधिकारी भी उस समय वहीं थे। एडीएम के निर्देश पर समिति के पदाधिकारियों ने औंछा में मामला दर्ज कराया। दोपहर बाद एसओ औंछा श्रवण कुमार बाल कल्याण समिति कार्यालय पहुंचे और पीड़ित बालिका को ले जाकर सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घटना से पुलिस महकमा सकते में है। सीओ कुरावली सुरेश बाबू ने बताया कि मुकदमा दर्ज करवा दिया गया है। उन्होंने खुद गांव जाकर घटना की जानकारी जुटाई है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस की लापरवाही उच्चाधिकारियों को बताई
बाल कल्याण समिति की सदस्य आराधना गुप्ता का कहना है कि एडीएम के निर्देश पर बालिका को सैफई मेडिकल कॉलेज में औंछा पुलिस ने भर्ती कराया है। बालिका की हालत काफी खराब है। औंछा पुलिस की कार्रवाई में लापरवाही ने कार्रवाई करने में जो देरी की, इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। समिति शनिवार को सैफई जाकर जानकारी लेगी।

जो तहरीर दी गई थी उसके आधार पर गैंगरेप का मुकदमा चार युवकों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। उनकी जल्द गिरफ्तारी होगी। बालिका को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है।
-सुरेश बाबू सीओ, कुरावली

घटना बेहद दुखद है। मैंने जानकारी मिलते ही तत्काल एसपी और एएसपी को मामले की जानकारी दी थी। 12 वर्षीय बालिका के साथ गैंगरेप किया गया। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो, एसपी से ये मांग की है।
-राजकुमार यादव विधायक, सदर

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up