निदाहास ट्रॉफी में बुधवार को बांग्लादेश को 17 रनों से हराकर भारत ने फाइनल में जगह पक्की कर ली। टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ 61 गेंद पर 89 रनों की पारी खेली और भारत की पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुए। रोहित की शुरुआत हालांकि धीमी थी, लेकिन आखिरी के ओवरों उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
रोहित ने इस दौरान पांच छक्के जड़े। इस तरह से रोहित टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।रोहित ने युवराज सिंह को पीछे छोड़ते हुए 75 टी20 छक्के जड़ डाले हैं। युवी के नाम टी20 इंटरनेशनल में 74 छक्के हैं।
ओवरऑल बात करें तो न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के नाम 103-103 छक्के हैं। वहीं बात करें अगर एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के की, तो टी20 इंटरनेशनल में ये रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के एरन फिंच के नाम है, फिंच ने इंग्लैंड के खिलाफ 156 रनों की पारी के दौरान 14 छक्के जड़े थे। वहीं सुरेश रैना के नाम 54 छक्के हैं, जो भारत की तरफ से तीसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं।