पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह केस एनआरसी के मसले पर दिए गए उनके गृहयुद्ध और रक्तपात वाले बयान के बाद दर्ज किया गया है। असम के डिब्रुगढ़ में भाजपा युवा मोर्चा के तीन कार्यकर्ताओं ने शिकायत दर्ज कराई है। ममता बनर्जी पर बीजेपी पर एनआरसी के मुद्दे पर देश को तोड़ने का आरोप लगाया था।
दिल्ली में इस मुद्दे पर बोलते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि राजनीतिक उद्देश्य से एनआरसी लाया गया है। उन्होंने आगे कहा, ‘हम यह नहीं होने देंगे। वे (बीजेपी) देश को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। देश में गृहयुद्ध और रक्तपात हो जाएगा।’ इसके साथ ही बीजेपी पर आरोप लगाया कि पार्टी अपने राजनीतिक फायदे के लिए असम में लाखों लोगों का नाम हटा रही है।
बीजेपी अध्यक्ष शाह ने किया पलटवार
इसके बाद बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए ममता बनर्जी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी वोट बैंक की राजनीति कर रही हैं। उनकी स्पीच से मैं पूरी तरह स्तब्ध हूं।
शाह ने कहा, ‘यह कदम भारत के लोगों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए लिया गया है। हर पार्टी को अपना स्टैंड स्पष्ट करना चाहिए कि भारतीयों के अधिकार महत्वपूर्ण हैं या नहीं।’