इजरायल के सैनिकों से बेखौफ होकर भिड़ जाने और उन्हें थप्पड़ जड़ने के बाद पूरी दुनिया में फलस्तीन के संघर्ष का चेहरा बनी किशोरी अहद तमीमी को रविवार को रिहा कर दिया गया है। वह पिछले आठ महीने से इजरायल के जेल में थी।
पिछले साल दिसंबर में जब तमीमी को गिरफ्तार किया गया था, तब उसकी उम्र महज 16 साल थी। अपने 15 वर्षीय भाई पर रबड़ की गोली से हमला होने के बाद तमीमी(17) के द्वारा गत वर्ष 15 दिसंबर को नबी सलेह गांव में अपने घर के बाहर एक इजरायली सैनिक को थप्पड़ एवं लात मारने का वीडियो उसकी मां ने फेसबुक पर लाइव पोस्ट कर दिया था और इसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया।
अहद के साथ उसकी मां को भी गिरफ्तार किया गया था। अहद को इसी साल मार्च में आठ महीने की सजा सुनाई गई थी। उस पर 12 आरोप लगाए गए थे, जिसमें मारपीट को बढ़ावा देना भी शामिल है। वह जुर्माना देने को भी राजी हो गई थी।
गिरफ्तारी का विरोध
अहद की गिरफ्तारी का कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने विरोध किया था। अहद के जरिए इजरायल की जेलों में बंद अन्य नाबालिगों का मुद्दा भी उठाया गया था। यहां की जेलों में 5900 से ज्यादा फलस्तीनी नागरिक बंद हैं, जिसमें से 60 महिलाएं हैं।
जेल में की पढ़ाई
स्कूल में पढ़ने वाली अहद तमीमी ने मुश्किल हालातों के बावजूद पढ़ाई को जारी रखा। अन्य कैदियों की मदद से जेल में बंद अहद ने अपने हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी की।