BJP से जुड़े 52 संगठनों की मेरठ में आज पहली बैठक

BJP से जुड़े 52 संगठनों की मेरठ में आज पहली बैठक

भाजपा से जुड़े 52 मोर्चे, प्रकोष्ठ, विभाग और प्रकल्पों के नए-नए बने पदाधिकारियों की आज पहली बड़ी बैठक होगी। इस बैठक में उन्हें प्रदेश संगठन मंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष द्वारा अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाएगा। उन्हें उनकी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों के बारे में बताते हुए मिशन 2019 की रणनीति बताते हुए इसमें जुटने का आह्लान किया जाएगा। इसके अलावा मेरठ में होने जा रहे प्रदेश संगठन के सबसे बड़े आयोजन के संबंध में भी जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

मिशन 2019 की तैयारी में जुटी भाजपा द्वारा सभी पदों पर तेजी से मनोनयन किए जा रहे हैं। सभी विभाग, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और मोर्चों में नए नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। इन सभी नेताओं की पहली बैठक सोमवार को मेरठ में बाईपास स्थित सीआईआरटी कालेज में आयोजित की जा रही है।

यह बैठक प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी लेंगे। बैठक दो सत्रों में होगी। पहले सत्र में क्षेत्रीय कमेटी के पदाधिकारी शामिल होंगे और इसमें सभी 19 जिलों के जिलाध्यक्ष, इन जिलों में रहने वाले जनप्रतिनिधि और प्रदेश कार्यसमिति के पदाधिकारी तथा क्षेत्रीय कमेटी के पदाधिकारी शामिल होंगे।

दूसरे सत्र में सभी छह मोर्चा युवा मोर्चा, महिला, किसान, पिछड़ा, अनुसूचित और अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी तथा 21 प्रकल्प, 16 प्रकोष्ठ और 9 विभागों के पदाधिकारी शामिल होंगे, जिनकी यह पहली बैठक होगी। इस पहली बैठक में नए पदाधिकारियों को प्रदेश संगठन मंत्री द्वारा अनुशासन का पाठ पढ़ाया जाएगा। उन्हें उनके कार्यों के बारे में भी जानकारी देते हुए मिशन 2019 के संबंध में टिप्स दिए जाएंगे।

इसके अलावा इस बैठक में मेरठ में होने जा रहे संगठन के सबसे बड़े कार्यक्रम के संबध में भी रणनीति बनेगी और जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। 11 और 12 अगस्त को मेरठ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है, जिसके लिए दो दिन तक तमाम बड़े नेता मेरठ में रहेंगे, जिसकी पूरी रणनीति क्षेत्रीय कमेटी तैयार करेगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up