प्रधानमंत्री के दौरों के साथ ही प्रदेश का सियासी माहौल गर्म हो गया है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत से मिशन-2019 के लिए अभी से जुट गई है। पार्टी के बड़े पदाधिकारियों के अलावा करीब एक दर्जन नेताओं की ऐसी टीम है जो केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति के मुताबिक लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से लग गई है। कहने को तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय की टीम में 40 सदस्य हैं लेकिन यह एक दर्जन पदाधिकारी ऐसे हैं जिनके साथ बैठ कर केंद्रीय नेतृत्व अभियानों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय संगठन का मुख्य चेहरा हैं। पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे और समन्वय की जिम्मेदारी उनकी है। वहीं संघ और उसके सहयोगी दलों के साथ बैठकर संगठनात्मक कार्यक्रम कर पार्टी को मजबूत करने में जुट गए हैं। रोज उनके जिलों में दो से तीन कार्यक्रम हो रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल अध्यक्ष के बाद दूसरे अहम पद पर हैं। लोकसभा चुनावों के मद्देनज़र बूथों का विस्तार और वोट प्रतिशत बढ़ाने की रणनीति में मुख्य भूमिका रहती है। प्रवास के दौरान जनाधार बढ़ाने व जातीय संतुलन पर जोर…।
राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव लोकसभा चुनाव के लिए फिलहाल अघोषित रूप से प्रदेश प्रभारी की भूमिका में हैं। उनकी पूरी कवायद जातीय संतुलन और पिछड़ों को साथ लेने पर केंद्रित है। अमित शाह यूपी के हर दौरे पर उन्हें साथ रख रहे हैं।
शिव प्रकाश भाजपा के केंद्रीय सह संगठन मंत्री हैं। इसके साथ ही केन्द्रीय नेतृत्व की ओर से दिए गए प्रदेश सह प्रभारी का काम भी संभाल रहे हैं। शिव प्रकाश प्रदेश भाजपा की संगठनात्मक रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में उनके लखनऊ दौरे में कई महत्वपूर्ण रणनीति बनी।
प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर अवध क्षेत्रीय संगठन के प्रभारी भी हैं। बूथ कमेटियों के प्रबंधन के साथ बड़े नेताओं की रैलियों के लिए विधायक और सांसदों को जिम्मेदारी देने का काम भी श्री राठौर करते हैं। चुनावों में रैलियां कैसे होंगी? किन स्थानों को चुना जाए? कौन से नेता कहां रहें? इसकी रूपरेखा तय करने में जुटे हैं।
भाजपा के महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ब्रज क्षेत्र के प्रभारी भी हैं। पार्टी की रैलियों में प्रचार-प्रसार होर्डिँग्स में स्लोगन और उसमें किन नेताओं के चेहरे होंगे? अभी से तय करने में जुट गए हैं। पार्टी में सोशल मीडिया की दिशा भी तय क्या होगी? कैसे किस विपक्षी दल पर कब हमला करना है कब किस पर पटलवार करना है? पूरी रणनीति बन रही है।
आईटी सेल के प्रभारी संजय राय लोकसभा चुनावों से पहले ही हर बूथ पर दो सोशल मीडिया विशेषज्ञ ‘ साइबर योद्धा ‘ को नियुक्त करने में जुटे हैं। अभी हाल में वाराणसी में पार्टी के सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं की वर्कशाप में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में खास रणनीति बनाई गई।
इसके अलावा भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्या सागर सोनकर, महामंत्री व कानपुर-बुंदेलखण्ड के प्रभारी अशोक कटारिया, महामंत्री व काशी क्षेत्र के प्रभारी सलिल विश्नोई, महामंत्री व पश्चिम क्षेत्र के प्रभारी विजय बहादुर पाठक, पिछड़ा मोर्चा के प्रभारी के साथ पार्टी के पूरे प्रदेश में फैले 162 विस्तारकों के काम की निगरानी करते हैं। इसी तरह उपाध्यक्ष बी.एल वर्मा व पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी पार्टी के अभियानों, कार्यक्रमों और पीएम मोदी की रैलियों व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की बैठकों की रणनीति पर काम कर रहे हैं।