फोर्टिस हेल्थकेयर लिमिटेड के सीईओ भवदीप सिंह की सैलरी दो साल में चार गुना बढ़ गई। वो भी तब जब कंपनी की माली हालत ठीक नहीं थी। कंपनी की 2015-16 और 2016-17 की सालाना रिपोर्ट में कहा गया गया है कि जुलाई 2015 में भवदीप सिंह को 3.91 करोड़ रुपए की सैलरी पर रखा गया था। अगले साल उनकी सैलरी बढ़ कर 16.80 करोड़ रुपए हो गई। इतना ही नहीं उन्हें कंपनी ज्वॉइन करने पर 7.23 करोड़ रुपए का बोनस भी दिया गया था।
एक रिपोर्ट के मुताबिक भवदीप सिंह के सीईओ रहते हुए फोर्टिस हेल्थकेयर को 2015-16 में 73.5 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। जबकि अगले साल यानी 2016-17 में ये घाटा बढ़ कर 74.7 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
इसके बारे में जानकारी देते हुए कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि ये जानकारी गलत है। दरअसल वित्त वर्ष 2016-17 की सालाना रिपोर्ट में कुछ टाइपो एरर हो गया था। हम इसके बारे में जानते हैं और 2017-18 की रिपोर्ट में इस गलती को सुधारा जाएगा। हकीकत में पिछले दो सालों में हर साल उनकी आय 6 से 8% बढ़ी है। जो कि कुछ ज्यादा नहीं है।