भगवान से भी गलती हो सकती है, तो इंसान क्या चीज है? ये कहावत टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर पर फिलहाल बिल्कुल सटीक बैठती नजर आ रही है। तेंदुलकर को फैन्स ने क्रिकेट में भगवान का दर्जा दिया है। तेंदुलकर ने रविवार को भारतीय हॉकी टीम की जीत के बाद एक ट्वीट किया और उस ट्वीट में एक ब्लंडर कर बैठे।
दरअसल रविवार को भारतीय हॉकी टीम ने चैम्पियंस ट्रॉफी में अर्जेंटीना को 2-1 से हराया। भारत की ओर से मनदीप सिंह ने भारत के लिए दूसरा गोल करके जीत में बड़ा योगदान दिया। तेंदुलकर ने मैच के बाद टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए ट्वीट में लिखा, ‘भारतीय हॉकी टीम के लिए शानदार वीकेंड रहा। भारत ने पाकिस्तान के बाद अर्जेंटीना को हराया। सरदार सिंह का नाम खास तौर पर लेना चाहूंगा जिन्होंने 300वें मैच में भारत के लिए अहम गोल किया।’
भारत के लिए सरदार सिंह ने कोई गोल नहीं किया था, तेंदुलकर ने फोटो भी मनदीप सिंह की ही शेयर की थी। हालांकि ट्विटर पर इस ब्लंडर को तेंदुलकर ने कुछ ही देर में सुधार लिया और पुरानी ट्वीट डिलीट करके नया ट्वीट किया, और लिखा, ‘भारतीय हॉकी टीम के लिए शानदार वीकेंड रहा। भारत ने पाकिस्तान के बाद अर्जेंटीना को हराया। सरदार सिंह का नाम खास तौर पर लेना चाहूंगा जिन्होंने अपना 300वां मैच खेला।’