Intercontinental Cup:

Intercontinental Cup:

भारतीय फुटबॉल टीम ने रविवार को हीरो इंटरकॉन्टिनेंटल कप में शानदार खेल दिखाते हुए केन्या को हराकर खिताब अपने नाम किया। भारत की इस यादगार जीत के हीरो रहे कप्तान सुनील छेत्री, जिन्होंने फाइनल में दो गोल मारकर फिर से अपनी कमाल की प्रतिभा का परिचय दिया। छेत्री ने दो गोल दागने के साथ ही एक और खास कीर्तिमान स्थापित कर लिया है।

छेत्री पहुंचे मेस्सी के बराबर
सुनील छेत्री ने मुंबई में खेले गए मैच में 8वें मिनट में एक गोल किया और फिर 29वें मिनट में एक और जबरदस्त गोल दाग दिया। इन दोनों गोल मारने के साथ ही वो मौजूदा इंटरनेशल खिलाड़ियों में दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा गोल मारने वाले प्लेयर बन गए हैं। छेत्री, अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनल मेस्सी के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

आपको बता दें कि आज के मैच के बाद छेत्री और मेस्सी, दोनों खिलाड़ियों के नाम पर अब 64 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं। छेत्री द्वारा इस मैच में 29वें मिनट में किए गए दूसरे गोल ने उन्हें मेस्सी के बराबर पहुंचा दिया है। इससे पहले छेत्री इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर मौजूद थे।

अपने 102वें अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 33 साल के छेत्री से अधिक गोल सक्रिय खिलाड़ियों में सिर्फ पुर्तगाल के सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने किए हैं। उनके नाम पर 150 मैचों में 81 गोल दर्ज हैं। छेत्री और मेस्सी हालांकि सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ियों की ऑलओवर लिस्ट में संयुक्त रूप से 21वें स्थान पर हैं। मैच के बाद छेत्री से जब मेस्सी से बराबरी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ” मेस्सी और रोनाल्डों से मेरी तुलना करना सही नहीं है। मैं उन दोनों खिलाड़ियों का बड़ा प्रशंसक हूं। वे काफी बड़े खिलाड़ी हैं। मैं अपने देश के लिए अधिक से अधिक गोल करना चाहता हूं।”

भारत ने यूएई में 2019 में होने वाले एशियाई कप की तैयारी के मकसद से इस टूर्नामेंट का आयोजन किया था। इस प्रतियोगिता में उसकी खिताब जीत दर्शाती है कि छेत्री और उनकी टीम की तैयारी सही राह पर हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up