उड़ीसा के एक गांव में पत्नी को जुएं में हारने और फिर उसका अपनी आखों के सामने बलात्कार कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना यहां बालासोर जिले के मलंगबालीकुटी गांव की है।
पीड़ित महिला को पति द्वारा उसे जुएं में हारने की खबर तब पता चली जब उसका बलात्कार हो गया। बीते मंगलवार को पीड़िता ने किसी प्रकार से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तब जाकर घटना बारे में लोगों को पता चला। पीड़िता ने दुष्कर्म करने वाले शख्स और अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। घटना के बाद से उसका पति और जुएं में जीतकर बलात्कार करने वाला दोनों फरार हैं। बलात्कार के मुख्य आरोपी का नाम अभिराम दलाई है जो गांव का ही रहने वाला है।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार महिला की शादी 16 साल पहले हुई थी और उसके अभी एक बेटा और एक बेटी भी है। 22 मई की रात को महिला के पति ने जबरन उसे गांव के बाहर खेतों में जाने के लिए कहा। यहां खेत में आरोपी दलाई पहले से उसका इंतजार कर रहा था। उसके पति ने दलाई के सामने ले जाकर बोला कि इसके साथ शारीरिक संबंध बनाओ। महिला इसका विरोध कर पाती कि इससे पहले दलाई उसे बगल के खेत में घसीट ले गया और उसका बलात्कार किया। इससे भी ज्यादा हैरानी की बात यह है कि उसका पति अपनी आखों के सामने यह सब देखता रहा और उसको उसी हाल में वहां से छोड़कर भाग आया।
महिला घटना के बाद रात में जब अपने घर लौटी तो उसके बाद से उसका पति उसे प्रताड़ित करने लगा। इस बारे में बच्चों ने अपने मामा को बताया। इसके बाद महिला का पिता उसके ससुराल पहुंचा और मामले में गांव वालों की मदद मांगी। मामले में कुछ बुजुर्गों की पंचायत होने के बाद महिला ने अपने पति और आरोपी दलाई के खिलाफ बलात्कार की शिकयत दर्ज कराई।