उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग की ओर से आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो घंटे में तूफान आ सकता है। वहीं विभाग ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को निदेर्श जारी कर अलर्ट रहने को कहा है। उत्तर प्रदेश के मौसम विभाग के निदेशक जे.पी गुप्ता के अनुसार, दिन में आंशिक तौर पर बदली का असर रहेगा और बीच-बीच में तेज धूप भी निकलेगी। दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारियों को खासतौर से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त कुशीनगर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जिले के आसपास के इलाकों में 18 मई और 19 मई को धूल भरी तेज हवाएंम चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सिस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
लखनऊ के अतिरिक्त शुक्रवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, कानपुर का 22 डिग्री, इलाहाबाद का 23 डिग्री, गोरखपुर का 24 डिग्री और झांसी का 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली में गुरुवार शाम आंधी के बाद हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया लेकिन मौसम विभाग ने अगले 48 घटों में चंडीगढ़, हरियाणा समेत उत्तर भारत में अंधड़, बारिश की उम्मीद जताई है।
राजधानी में गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री रहा। शुक्रवार शाम छह बजे मौसम ने करवट ली और अंधड़ के साथ बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक 20 तारीख तक दिल्ली में अंधड़ और हल्की फुहारें पड़ सकती हैं। वहीं कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने का भी अनुमान है। शनिवार सुबह दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी हल्की बूंदाबांदी हुई थी।