कर्नाटक विधानसभा के नवनिर्वाचित 222 विधायकों में से 54 ऐसे हैं, जिनके खिलाफ हत्या का प्रयास और अपहरण जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। कर्नाटक इलेक्शन वाच और एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) ने राज्य विधानसभा के मंगलवार को आए 222 सीटों में से 221 पर विजयी विधायकों के स्वयं दिए गए हलफनामों की जांच-पड़ताल की है।
यहां चुने गए 77 विधायक ऐसे हैं, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं 54 विधायकों के खिलाफ हत्या के आरोप और अपहरण जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। भाजपा की बात करें तो 42 विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं 29 भाजपा विधायकों पर संगीन आपराधिक मामले दर्ज है। 17 कांग्रेस और 8 जेडीएस विधायकों के खिलाफ संगीन आपराधिक केस दर्ज हैं। कांग्रेस के कुल 23 और जेडीएस के 11 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।
97 फीसदी विधायक करोड़पति
इस बार धनकुबेर विधायकों की बहुतायत है। राज्य के 97 प्रतिशत यानी 215 विधायक करोड़पति हैं। विधायकों की औसत संपत्ति 34.59 करोड़ रुपये हैं। काग्रेस के 11 विधायकों के पास 100 करोड़ से ज्यादा की संपति है। वहीं जेडीएस के 3 और भाजपा के एक विधायक के पास 100 करोड़ से अधिक संपत्ति।
कांग्रेस के कनकपुर से जीते डीके शिवकुमार के पास 840 करोड़ संपत्ति है। साथ ही शिवकुमार पर 228 करोड़ का कर्ज भी है। वहीं हेब्बल से जीते सुरेश बी एस माथुर 416 करोड़ संपत्ति के मालिक हैं। अगर बात कर्नाटक में सबसे गरीब विधायक की जाए तो भाजपा के कृष्णाराज से जीते एसए रामदास 39 लाख संपत्ति के साथ सबसे गरीब विधायक हैं ।