मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों के प्रति कमिटमेंट काफी महत्वपूर्ण होता है। लोगों का ख्याल रखना महत्वपूर्ण जिम्मेवारी है। जनप्रतिनिधि लोकप्रियता के लिए काम करते हैं, लेकिन प्रशासक अगर अच्छा काम करता है तो उस क्षेत्र के लोग उसे वर्षों तक याद करते हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को एक अणे मार्ग स्थित नेक संवाद में भारतीय प्रशासनिक सेवा 2016 के नौ और भारतीय वन सेवा-2016 के पांच परीक्ष्यमान अधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान अपनी बात रख रहे थे।
मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि बिहार में प्रशासनिक सुधार के क्षेत्र में अनेक काम किए गए हैं। सरकार में आने के बाद उन्होंने वर्ष 2006 में जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम की शुरुआत की। उस दौरान यह महसूस किया कि लोगों की समस्याओं का निराकरण समय सीमा के अंदर जरूरी है। इसलिए वर्ष 2011 में लोक सेवा का अधिकार कानून लाया गया। लोगों की शिकायतों के निष्पादन के लिए पांच जून 2016 से लोक शिकायत निवारण अधिनियम कानून लाया गया। लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों की संतुष्टि काफी मायने रखता है। मैं आप सबसे भी कहता हूं कि अच्छा प्रशासक बनने के लिए लोगों को ध्यानपूर्वक सुनना महत्वपूर्ण होता है।
जमीन संबंधित विवाद का निपटारा होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में भूमि संबंधी विवाद भी एक बहुत बड़ी समस्या है। बिहार पहला ऐसा राज्य है, जहां एरियल सर्वे कराया जा रहा है और जमीनी स्तर पर उसका वेरिफिकेशन किया जाएगा। नया सर्वे सेटलमेंट का काम पूर्ण हो जाने के बाद बहुत हद तक जमीन संबंधित विवाद का निपटारा हो जाएगा। सात निश्चय के अंतर्गत हर घर तक नल का जल उपलब्ध कराया जा रहा है। गांव हो या शहर पक्की गली-नाली का निर्माण कराया जा रहा है। इस साल के अंत तक हर इच्छुक परिवारों के घरों तक बिजली पहुंचा दी जाएगी। हर घर में शौचालय का निर्माण मिशन मोड में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में नारी सशक्तीकरण पर काम किया जा रहा है। समाज सुधार को सफल बनाने के लिए चाहे शराबबंदी हो या दहेज प्रथा एवं बाल विवाह के खिलाफ अभियान हो, सब में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। अगर समाजिक कुरीति जारी रहती है तो विकास का कोई मतलब नहीं है।
ग्रिन कवर को बढ़ाने के लिए काम कीजिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित है। भारतीय वन सेवा के अधिकारियों से कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए व ग्रिन कवर को बढ़ाने के लिए काम कीजिए। इस मुलाकात में भारतीय प्रषासनिक सेवा के 2016 बैच के लोकेष मिश्रा, अंशुल अग्रवाल, ऋचि पाण्डेय, रवि प्रकाश, सुश्री वर्षा, मुकुल कुमार गुप्ता, अंशुल कुमार, वैभव चौधरी और विजय प्रकाश मीणा, जबकि भारतीय वन सेवा 2016 बैच के अभिशेक कुमार, राजीव रंजन, विकास अहलावत, प्रद्युमन गौरव और भास्कर चन्द्र भारती शामिल थे।