कर्नाटक चुनाव में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में सभी पार्टियां वोटरों को रिझाने में लगी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आज यहां रैली को संबोधित कर रहे हैं। तुमकुरु में रैली के दौरान पीएम ने कहा कि गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव कैसे आएं, इसके लिए यहां के संतो ने जो काम किए हैं, वे देश के लिए प्रेरणा देने वाले हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी हमला किया और कहा कि कांग्रेस किसानों के कर्ज पर राजनीति कर रही है।
अपनी रैली की जानकारी देते हुए उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि आज फिर से मुझे कर्नाटक की अपनी बहनों और भाईयों के साथ जुड़ने का मौका मिला है। राज्य की चार रैलियों को संबोधित करुंगा। पीएम मोदी आज सुबह 11बजे से तुमाकुरु में, 2 बजे से गदग में, चार बजे से शिमोगा में और मैंगलूरु में 6.30 बजे से जनसभा को संबोधित करेंगे।
नमो ऐप के जरिए महिलाओं को किया संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के प्रचार-प्रबंधन अभियान में महिलाओं की सक्रिय हिस्सेदारी पर जोर देते हुए कहा है कि वे बेहतर ढंग से केंद्र सरकार व पार्टी की योजनाओं व कार्यक्रमों को हर घर तक पहुंचा सकती है। उन्होंने अपनी कैबिनेट में सक्षम महिला मंत्रियों का जिक्र करते हए संकेत भी दिए कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनने पर वहां पर भी उन्हें अहम जिम्मेदारी दी जाएगी।
नरेन्द्र मोदी एप के जरिए कर्नाटक भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर हम बूथ जीतते हैं तो दुनिया की कोई ताकत चुनाव में पराजित नहीं कर सकती है। ऐसे में महिला कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। चुनाव के समय वह घर-घर जाएं और लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं। वे लोगों को कांग्रेस की झूठी बातें, झूठे वादे और झूठे कारनामों का पर्दाफाश भी करें।
महिलाएं यह काम प्रभावी ढंग से कर सकती है। वह बड़ी बड़ी और ओजस्वी बातें नहीं करती बल्कि सीधी बोलचाल की भाषा में बातों को समझाती हैं। अगर परिवार में एक बार महिलाएं बातों को समझ जाएं तो पूरा परिवार सहमत हो जाता है।
मोदी ने कर्नाटक भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों से उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जागरूकता जुलूस निकालने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कहा कि देश आज महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। मोदी ने कहा कि उनके कैबिनेट में भी सक्षम महिलाओं को प्रमुख विभाग दिए गए हैं। इसमें से एक सुषमा स्वराज और दूसरी निर्मला सीतारमण शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं के प्रति हिंसा जैसी सामाजिक समस्या के संदर्भ में कहा कि उनकी सरकार ने बलात्कार जैसे जघन्य अपराध के लिये कानून को सख्त बनाया है और ऐसे अपराध के लिए अब फांसी की सजा भी हो सकती है।
बेंगलुरु को ‘गार्बेज सिटी’ कहना शहर का अपमान : राहुल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कर्नाटक की सिद्धरमैया सरकार पर बेंगलुरु को ‘गार्बेज सिटी’ (कचरे का शहर) बना देने का आरोप लगाए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह शहर ‘भारत का गौरव’ है और प्रधानमंत्री ने इसका अपमान किया है।
राहुल ने ट्वीट कर कहा, प्रिय प्रधानमंत्री, बेंगलुरु गार्डेन सिटी (बागों का शहर) है और भारत का गौरव है। इसे गार्बेज सिटी कहना अपमानजनक है। उन्होंने कर्नाटक में शहरी विकास के लिए धन मुहैया कराने में यूपीए और नरेंद्र मोदी सरकार के बीच तुलना करते हुए कुछ आंकड़े पोस्ट किए और कहा, झूठ का पुलिंदा खड़ा करना आपके लिए (मोदी) स्वाभाविक बात है। शहरों का निर्माण आपको बहुत मुश्किल लगता है। डेटा आपके झूठ को उजागर करते हैं।
आपको बता दें कि बुधवार से लगातार पीएम मोदी कर्नाटक में चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इससे पहले गुलबर्गा और बेल्लारी के बाद पीएम मोदी ने बंगलूरू में चुनावी रैली को संबोधित किया था। वहीं शुक्रवार को पीएम हसन जिले के नीलामंगला, चिकमंगलुरु की शिमोगा, मंगलुरु और हावेरी जिले के गडग में चुनावी रैली करेंगे। बता दें कि पीएम यहां 21 रैलियों को संबोधित करेंगे।