राहुल गांधी का BJP पर निशाना- केंद्र सरकार के काम से देश नाराज

राहुल गांधी का BJP पर निशाना- केंद्र सरकार के काम से देश नाराज

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। रामलीला मैदान में पार्टी की ‘जन आक्रोश रैली’ में उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार  और किसानों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री चुप हैं। इन चार सालों में देश को बेरोजगारी और नफरत के सिवा कुछ नहीं मिला। इससे देश की जनता नाराज है।

कार्यकर्ता ‘शेर का बच्चा’: पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली रैली में राहुल गांधी काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस का कार्यकर्ता ‘शेर का बच्चा’ है, इसको मारो-पीटो पर यह डरने वाला नहीं है। राहुल ने कहा कि कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के साथ कांग्रेस 2019 में लोकसभा चुनाव भी जीतेगी।

उपलब्धियों पर सवाल: तीस मिनट के भाषण के दौरान राहुल गांधी ने हर मुद्दे को छुआ। सरकार की चार साल की उपलब्धियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने देश को बेरोजगारी दी, नफरत दी, विधायकों ने महिलाओं पर अत्याचार किए। चीन मुद्दे पर भी उन्होंने प्रधानमंत्री को घेरा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि डोकाला में चीनी सेना घुसी हुई है और प्रधानमंत्री चीन में बिना एजेंडा के चर्चा कर रहे हैं।

कांग्रेस ने जोड़े रखा: राहुल ने कहा कि कांग्रेस के बिना इस देश का किसान जी नहीं सकता। पार्टी आवाज नहीं उठाती तो सरकार किसानों की जमीन छीन लेती। कांग्रेस को भारत की इमारत के लिए पानी करार देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने 70 साल तक देश को जोड़े रखा। अब भाजपा और आरएसएस मिलकर नफरत फैला रहे हैं।

सरकार विफल : पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने भी सरकार पर सभी मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, देश बड़ी तेजी से बदलाव की ओर बढ़ रहा है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि सरकार ने एक भी वादे पूरे नहीं किए। सरकार जैसे काम कर रही है, उससे देश में लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा हो गया है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up