नोएडा के एक बीपीओ में काम करने वाली महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को ओला कैब चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
दादरी के सीओ निशांक शर्मा ने बताया कि नोएडा सेक्टर-36 स्थित एक कंपनी में कार्यरत महिला ने गुरुवार शाम चार बजे सूरजपुर जाने के लिए ऐप आधारित टैक्सी सेवा ओला की एक कैब बुक की थी।
उन्होंने बताया, कैब जब सुतियाना गांव के पास पहुंची तो वहां पर प्रवीण नामक एक व्यक्ति आया। कैब चालक अशोक ने महिला से कहा कि वह उसका भाई है और उसे कार में बैठा लिया।
शर्मा ने कहा कि चालक, महिला और प्रवीण ने वहां पर कोल्डड्रिंक की। उसके बाद कैब चालक गाड़ी को दयानगर गांव के पास ले गया। वह कार खड़ी कर कहीं चला गया। इस दौरान महिला को कार में अकेला पाकर प्रवीण ने उसके साथ बलात्कार किया।
महिला ने गुरुवार देर रात करीब दो बजे इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों अशोक और प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान प्रवीण ने महिला के साथ बलात्कार करने और अशोक ने उसका सहयोग करने की बात स्वीकार की है। पुलिस द्वारा महिला का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है, जिसमें उसके साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।