ईरान में मिली ममी

ईरान में मिली ममी

ईरान में एक ममी मिली है, जिसके पूर्व तानाशाह के होने के कयास लगाए जा रहे हैं। यह ममी ईरान की राजधानी तेहरान के दक्षिणी हिस्से में मिली है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह ईरान के आखिरी शाह के पिता रज़ा शाह पहलवी की हो सकती है।

स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक शाहर-ए रे में रजा शाह पहलवी के मकबरे का क्षेत्रफल बढ़ाने के दौरान यह ममी मिली है। उनके पोते और विपक्षी नेता माने जाने वाले रजा पहलवी ने कहा है कि मुमकिन है कि यह ममी रज़ा शाह से संबंध रखती हो। रज़ा पहलवी इस समय अमरीका में रह रहे हैं।

इस संबंध में उन्होंने ट्विटर पर एक बयान जारी किया है। उन्होंने ईरानी प्रशासन से परिवार के करीबी डॉक्टरों को ममी का मुआयना करने की इजाजत देने का आग्रह किया है। इसके साथ ही देश में उन्हें धार्मिक संस्कार के साथ उन्हें दफनाने की भी इजाजत मांगी है।

तेहरान की सांस्कृतिक विरासत समिति के चेयरमैन ने भी ममी के पूर्व नेता से संबंधित होने की संभावना जताई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि इस ममी को कहां रखा गया है।

पहलवी वंश की स्थापना की
रजा शाह पहलवी ने ईरान में पहलवी वंश की स्थापना की और 1925 में तख्तापलट के बाद 50 साल तक देश पर राज किया। आधुनिक ईरान की नींव भी उन्होंने ही रखी। उनके बारे में एक सच यह भी है कि, धर्म पर हमले और कथित मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए भी उनकी आलोचना की जाती है।

उन्होंने विदेशी ताकतों के दबाव में अपने बेटे के लिए पद छोड़ा और 1944 में दक्षिण अफ्रीका में निर्वासन में उनकी मौत हो गई। बताया जाता है उनके शव को ममी बनाकर मिस्र में दफनाया गया था और कुछ साल बाद उसे ईरान लाया गया। 1979 में उनके बेटे मोहम्मद रजा शाह सत्ता से बेदखल कर दिए गए और पहलवी के मकबरे को तबाह कर दिया गया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up