मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए चली मां गंगा की डोली, आज खुलेंगे कपाट

मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए चली मां गंगा की डोली, आज खुलेंगे कपाट

उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा बुधवार से शुरू हो रही है। यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार दोपहर 12:15 बजे और गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 1.15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 29 अप्रैल और 30 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट यात्रियों के लिए खुलेंगे।

मंगलवार सुबह से ही मुखबा गांव में गंगा की विदाई की तैयारियां शुरू हो गई थीं। सुबह विशेष पूजा अर्चना और आरती के बाद गंगा की डोली को सजाया गया। इसके बाद तय मुहूर्त के अनुसार 11:45 पर मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा से गंगोत्री के लिए रवाना हुई। गंगा की डोली यात्रा में मुखबा के साथ ही धराली, हर्षिल समेत उपला टकनौर के ग्रामीणों तथा कई तीर्थयात्री भी जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। मार्कण्डेय पुरी स्थित दूर्गा मंदिर में पहुंचने के बाद मां गंगा के साथ भक्तों ने अल्प विश्राम किया।

मुखबा के प्राचीन पैदल यात्रा पथ से होते हुए डोली शाम को भैरों घाटी पहुंची। यहां भंडारे के साथ रात्रि जागरण की व्यवस्था की गई है। यहां पूरी रात भजन कीर्तन किया जाएगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष मुकेश सेमवाल और  सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि बुधवार तड़के डोली यात्रा गंगोत्री के लिए रवाना होगी। जहां विधिवत पूजा अर्चना और वैदिक मंत्रोचारण के साथ दोपहर 1:15 बजे गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

दूसरी ओर मां यमुना की डोली शनिदेव की अगुवाई में बुधवार को उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली से सुबह 9 बजे यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। जो दोपहर 11 बजे यमुनोत्री मंदिर पहुंचेगी। पूजा के बाद 12:15 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस मौके पर गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष मुकेश सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, गंगा पुरोहित सभा के अध्यक्ष पवन सेमवाल, अनिता देवी, माया प्रसाद, कमली देवी, पवन सेमवाल, राजेश सेमवाल, दुर्गा प्रसाद, प्रेमलाल सेमवाल, शिवानंद सेमवाल, गणेश सेमवाल आदि मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up