राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में इस बार बिहार ने भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज की है। बिहार के दो लोग राष्ट्रीय पुरस्कार की सूची में शामिल हुये हैं। गोपालगंज जिले के निवासी बालीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी को न्यूटन फिल्म के लिये विशेष पुरस्कार दिया जायेगा जबकि गिरिधर झा को बेस्ट फिल्म क्रिटिक अवार्ड के लिये चुना गया है वहीं चार लोग इस बार फिल्म अवार्ड की जूरी में शामिल थे। इसमें कथाकार डा.उषा किरण खां, आराधना प्रधान, विनोद अनुपम और अनंत विजय शामिल हैं। वहीं जूरी सदस्यों में झारखंड के जमशेदपुर की प्रो.नेहा तिवारी भी शामिल थीं।
दक्षिण भारतीय भाषा की फिल्मों के चयन के लिये बनी जूरी में शामिल बिहार के चर्चित फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम के अनुसार इस बार फिल्म अवार्ड जूरी का जनतांत्रीकरण किया गया है। यही वजह है कि जूरी के सदस्यों में बिहार को भी मौका मिला है। यह पहला मौका है कि नेशनल अवार्ड की जूरी में बिहार के चार लोग शामिल किये गये हैं। हिन्दी और मैथिली की कथाकार डा.उषा किरण खां को फिल्मों के सबसे बड़े अवार्ड दादा साहब फाल्के अवार्ड के लिए गठित जूरी में शामिल किया गया था। वहीं मूलत: जमालपुर निवासी वरीय पत्रकार अनंत विजय सिनेमा पर लेखन की जूरी में थे तो आराधना प्रधान लघु व वृत्तचित्र फिल्मों के चयन वाली जूरी में थीं । विनोद अनुपम दक्षिण भारतीय भाषा कि फिल्मों के चयन की जूरी में थे। ये सभी पहलीबार नेशनल फिल्म अवार्ड की जूरी में शामिल हुये थे।
बेस्ट फिल्म क्रिटिक अवार्ड सोलह साल बाद बिहार की झोली में
वर्ष 2002 में बिहार के विनोद अनुपम को बेस्ट फिल्म क्रिटिक का अवार्ड मिला था। सोलह वर्षों के बाद बिहार निवासी गिरिधर झा को बेस्ट फिल्म क्रिटिक का नेशनल अवार्ड मिला है। गिरिधर झा पूर्व में हिन्दुस्तान टाइम्स पटना से जुड़े रहे हैं।
बिहार के लोग नेशनल अवार्ड की जूरी में तो थे पर मैथिली,मगही और भोजपुरी फिल्मों के लिये निराशा ही हाथ लगी। मैथिली फिल्म मिथिला मखान को पिछले वर्ष सर्वश्रेष्ठ मैथिली फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म अवार्ड मिला था। पर इस बार मैथिली और भोजपुरी से एक भी फिल्म की इंट्री अवार्ड के लिये नहीं गयी थी।
पंकज त्रिपाठी बालीवुड से हालीवुड तक दिखा चुके हैं जलवा
गैंग्स ऑफ वासेपुर फिल्म से सुर्खियों में आये अभिनेता पंकज त्रिपाठी अब तक बालीवुड की कई कमर्शियल और सार्थक फिल्मों में अपने अभिनय का कायल दर्शकों को बना चुके हैं। हाल ही में मसान फिल्म में वे अपने अभिनय के लिये चर्चा में थे। हालीवुड की फिल्म देयर वाज टेरर फॉर थ्री डेज और मैंगो ड्रीम में थिएटर की नामचीन हस्ती राम गोपाल बजाज के साथ लीड रोल में नजर आये थे। यह फिल्म लंदन फिल्म फेस्टिवल,डबलिन,दक्षिणी अमेरिका और मामी मुंबई फिल्म फेस्टिवल में समीक्षक और दर्शकों द्वारा खूब सराही गयी थी।
पटना रंगमंच से अपने अभिनय की करियर की शुरुआत करने वाले पंकज त्रिपाठी नील बट्टे सन्नाटा, मसान, मुन्ना माइकल, फुकरो रिटर्न्स , शाहरुख खां के साथ दिलवाले, संजय दत्त के साथ अग्निपथ, पंकज कपूर के साथ धर्म, अभिषेक बच्चन के साथ रण और अजय देवगन के साथ ओमकारा में काम कर चुके हैं।