श्रीदेवी की मौत के बाद से बोनी कपूर के बेटे अर्जुन कपूर और उनकी बहन अंशुला कपूर परिवार के करीब आते दिख रहे हैं। श्रीदेवी की मौत की खबर के बाद अर्जुन अपनी शूटिंग बीच में छोड़ मुंबई चले आए थे। इतना ही नहीं, पिता बोनी कपूर की मदद के लिए सौतेली मां की बॉडी लेने के लिए वो दुबई भी रवाना हुए। वहीं, श्रीदेवी की अंतिम यात्रा में भी अर्जुन पूरा समय साथ नजर आए थे। अपनी सौतेली बहनों जाह्नवी और खुशी के लिए अर्जुन की सहानुभूति बढ़ती जा रही है। ऐसे में अर्जुन ने जाह्नवी के जन्मदिन पर भी अपने घर पर पूरी कपूर फैमिली के लिए डिनर प्लान किया था। इसके बाद भी बोनी कपूर को जाह्नवी और खुशी के साथ कई बार अर्जुन के घर पर स्पॉट किया जा चुका है। और एक बार फिर बीती रात बोनी कपूर अपने दोनों बेटीयों के साथ अर्जुन कपूर के घर के बाहर देखे गए।
बीती रात बोनी कपूर जाह्नवी और खुशी के साथ अर्जुन के घर के बाहर देखे गए। ऐसा माना जा रहा है कि अर्जुन कपूर और अंशुला बहुत जल्द कपूर फैमिली के साथ ही शिफ्ट होने जा रहे हैं। इससे पहले दोनों कपूरी फैमिली से अलग स्वतंत्र रूप से अपनी जिंदगी जी रहे थे, लेकिन अब उन्होंने भी कपूर फैमिली के यहां शिफ्ट करने का मन बना लिया है। अब अर्जुन को लगता है कि उनके पिता और सौतेली बहनों को उनकी जरूरत है। और ऐसे समय में अर्जुन उनका पूरी तरह से साथ देना चाहते हैं।