मधुमक्खी का शहद जितना मीठा होता है उसका डंक उतना ही खतरनाक होता है। गुरूवार को उत्तरप्रदेश के कानपुर में गंगा किनारे बच्चे का मुंडन कराने गए लोगों पर मधुमख्खियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए।
यह घटना कानपुर के बिल्हौर के सिधौली गांव की है। यहां के निवासी राम किशोर की छह माह की बेटी का मुंडन संस्कार था। गांव से तीन ट्रैक्टर से भरकर महिलाएं बच्चे बड़े सभी गंगा किनारे आकिन घाट पर गए थे। एक पेड़ के नीचे हवन किया जा रहा था। पेड़ पर मधुमक्खी का छत्ता था।
मधुमक्खी ने लोगो पर हमला कर दिया। जिससे अफरा तफरी मच गई। मधुमक्खी के डंक लगने से ग्राम प्रधान मोती लाल की भाभी कमला देवी 68 की मौत हो गई। करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए घायलो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जिसमे कई बच्चे भी घायल है।