सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, वेंडिंग जोन,अन्य नगर निगम गतविधियों का लिया जायजा
लखनऊ। नगर आयुक्त लखनऊ गौरव कुमार ने शहर की कमान संभालते ही तड़के सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निकल कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, वेंडिंग जोन, और अन्य नगर निगम गतिविधियों का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने सुबह 6:15 बजे ज़ोन-4 के गोमती नगर स्थित विराम खंड-5 पहुंच कर नाले की सफाई का निरीक्षण किया। इसके बाद वह 6:40 पर विनीत खंड-6 पहुंचे और पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कूड़े के संग्रहण और ट्रांसफर के कार्य का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिये। उन्होंने मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस सेंटर में पुनर्नवीनीकरण के लिए सामग्री की छंटाई की जाती है। उन्होंने वहां के कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आदेश दिए कि छंटाई प्रक्रिया और भी बेहतर की जाए। इसके बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सामने स्थित वेंडिंग जोन पहुंच कर जायज़ा लिया इस जोन में सड़क पर ठेले, खोमचे आदि लगाने वाले व्यापारियों को निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित किया गया है। इसके बाद नगर आयुक्त ने गोमती नगर स्थित नगर निगम के केंद्रीय कार्यशाला पहुंच कर यहां डीजल डलवाने आए वाहनों का रिकॉर्ड चेक किया और कार्यशाला की कार्यप्रणाली को समझा। इसके साथ ही नगर निगम के नवीन मुख्यालय के निर्माण को लेकर अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। इस दौरान नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, मुख्य अभियंता (सिविल) महेश वर्मा, मुख्य अभियंता (आर आर) मनोज प्रभात, जोन-4 के जोनल अधिकारी संजय यादव और जोन-4 के जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला समेत अन्य नगर निगम अधिकारी भी मौजूद रहे।
नगर निगम ने जोन 2 में अतिक्रमण के खिलाफ चलाया सख़्त अभियान
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शुक्रवार सुबह जोन-2 में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के सामने नगर निगम की जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में की गई थी। अभियान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ था जिसमें टीम ने फूल मंडी से लेकर चरक चौराहा होते हुए ट्रॉमा सेंटर के सामने तक के क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। इस अभियान में पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान, ज़ोनल सेनेटरी ऑफिसर राम सकल यादव सहित जोन-2 के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार ट्रॉमा सेंटर के सामने और आस-पास के इलाकों में लंबे समय से अवैध अतिक्रमण की वजह से ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या बनी हुई थी। केजीएमयू जैसे बड़े अस्पताल के पास लगातार लगने वाले जाम के कारण न केवल आमजन को परेशानी होती थी बल्कि आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एंबुलेंस को भी समय पर अस्पताल पहुंचने में बाधा आती थी। मरीजों और उनके परिजनों को रोजाना इस अराजकता से गुजरना पड़ता था। कार्रवाई के दौरान टीम ने बेंच, ठेले, स्टूल, गैस सिलेंडर समेत अन्य अवैध सामग्री को जब्त कर लिया। यह सामान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से रखा गया था जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसके अलावा, टीम ने फूल मंडी क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले 9 ठेला संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 3900 रुपये का चालान किया है। जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और नगर निगम के नियमों का पालन करें। नगर निगम का उद्देश्य लखनऊ को स्वच्छ, अतिक्रमण मुक्त और सुगम यातायात वाला शहर बनाना है।
जोन 6 में कार्यदायी संस्था लॉयन सिक्योरिटी केकरंचारियों को अवैध रूप से कूड़ा बिनना पड़ा महंगा
लखनऊ। शुक्रवार को नगर निगम लखनऊ के जोन 6 में मेन रोड पर सफाई कार्यदायी संस्था लॉयन सिक्योरिटी के कुछ कर्मचारियों को अवैध रूप से ठेले लगाकर कूड़ा बीनना महंगा पड़ गया। यहाँ प्रातःकाल निरीक्षण पर निकले जोनल अधिकारी मनोज यादव की नज़र मेन रोड पर अवैध रूप से ठेले लगाकर कूड़ा बीन रहे सफाई कार्यदायी संस्था लॉयन सिक्योरिटी के कुछ कर्मचारियों पर पड़ी जिसका संज्ञान लेते हुए मनोज यादव ने मौके पर उपस्थित एसएफ़आई रामजीत पांडेय को निर्देश दिया कि वे दोनों ठेलों को ज़ब्त करें और इन कर्मचारियों को तत्काल हटाएं तथा संबंधित सुपरवाइज़र को भी पद से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए हैं।