लखनऊ ,बुलंद आवाज़ | उत्तर प्रदेश में हाथरस कांड के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के बाद आज प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी विक्रम वीर, डीएसपी राम शब्द, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार वर्मा, उप निरीक्षक जगवीर सिंह तथा हेड मुहर्रिर महेश पाल को सस्पेंड कर दिया है | यही नहीं अब इसके अलावा संबंधित पुलिसकर्मियों का नार्को टेस्ट भी किया जाएगा | इस आदेश के बाद एसपी विक्रांत वीर की जगह एसपी शामली विनीत जयसवाल को हाथरस का नया एसपी भी नियुक्त कर दिया गया है,जबकि डीएम पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है |
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्वीटर अकाउंट से उन आलोचनाओं का जवाब देने की कोशिश की है जिनमें यूपी में महिलाओं की सुरक्षा को कमजोर बताया गया है | उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि उत्तर प्रदेश में माताओं-बहनों के सम्मान-स्वाभिमान को क्षति पहुंचाने का विचार मात्र रखने वालों का समूल नाश सुनिश्चित है | उन्होंने प्रदेश की जनता को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की है कि महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान को नुकसान पहुंचाने वालों को उनकी सरकार बख्शेगी नहीं और हर हाल में उन्हें दंड दिया जाएगा | योगी ने कहा कि ये दंड ऐसा होगा जो भविष्य में उदाहरण बन जाएगा |