दिल्ली के मयूर विहार फेस 1 के एल्कॉन पब्लिक स्कूल की 9th क्लास की छात्रा खुदकुशी मामले में भारतीय कथक नर्तक एवं शास्त्रीय गायक बिरजू महारजा ने सीबीआई जांच की मांग की है। बिरजू महाराज ने स्कूल प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम ना उठाए जाने पर दुख जताया है। बिरजू महाराज ने कहा हमने एक सितारा खो दिया। बिरजू महाराज ने कहा कि इशिका का चले जाना हमारे लिए एक बड़ा नुकसान है। हमने एक सितारा खो दिया। वह भविष्य में बेहतरीन डांसर बनने वाली थी। मैं इकिशा की मौत पर संवेदना व्यक्त करता हूं। अगर पुलिस की जांच में उसकी खुदकुशी की वजह का पता नहीं चल पा रहा तो इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। मैं इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करूंगा।
पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को कथक गुरु बिरजू महाराज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिरजू महाराज ने कहा कि बच्ची के पिता राघव उनके शिष्य हैं। बिरजू महाराज ने इशिका को भी डांस सिखाया था। इसी नाते उनके इस परिवार से घरेलू संबंध हैं। वह कई बार इकिशा से भी मिले थे और उसे कलाकार के तौर पर भी देखा था। बच्ची की भाव-भंगिमाएं और नृत्य कलाएं बेहद मंझी हुई थीं। उन्होंने कहा कि वह भविष्य की एक अच्छी कलाकार थी, जिसे देश ने खो दिया। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत है। जांच में स्कूल को भी मदद करनी चाहिए, तभी परिजनों को न्याय मिलेगा।
परिजनों के आंसू थम नहीं रहे :
बेटी की मौत के बाद खुद को संभालने की कोशिश करते हुए मां ने बताया कि इशिका डॉक्टर बनना चाहती थी। जो कॉपी पुलिस को मिली है, उसमें फेलियर शब्द से ज्यादा उसने डॉक्टर शब्द लिखा था। वह अक्सर अपने नाम के साथ डॉक्टर शब्द लगा देती थी। मैं उसे हमेशा कहती थी कि तुम कथक में अच्छी हो, वर्कशॉप करती हो। इतने पुरस्कार जीत चुकी हो, इसी में मन लगाओ तो वह कहती थी कि मां मुझे डॉक्टर भी बनना है। इसके लिए पढ़ाई बहुत जरूरी है।
चार साल की उम्र से सीख रही थी कथक :
आत्महत्या करने वाली 9वीं की छात्रा कथक में होनहार थी। वो चार साल की उम्र से कथक सीख रही थी। परिवार के पास उसके करीब एक हजार से ज्यादा वीडियो हैं। जो सिर्फ अब इकिशा की यादें मात्र हैं।