लखनऊ। पिछले कई दिनों से मौसम साफ रहने के बाद हवा का रुख अचानक बदल गया है। मंगलवार देर रात से ही पूरे यूपी में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। सुबह से ही अंधेरा छाया हुआ है और ठंड एक बार फिर बढ़ गई है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश हो रही है। वहीं कई जगहों से ओले गिरने की भी खबरें आ रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और ठंडी हवाएं अगले लगभग दस दिनों तक ठंड बढ़ाएंगी। ठंड बढ़ने से स्कूली बच्चों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। बीते दो-तीन दो दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में तापमान में वृद्धि दर्ज हुई। इससे लोगों को ठंड और गलन से कुछ राहत मिली। मगर मंगलवार देर रात से मौसम में अचानक बदलाव आया। गरज-चमक के साथ बूंदाबादी शुरू हो गई जो सुबह होते-होते बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार मानें तो बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पूरे उत्तर प्रदेश मे ठंड एक बार फिर बढ़ जाएगी। तापमान में गिरावट और कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा। 13 और 14 जनवरी को फिर मौसम का मिजाज बदलेगा और यह सिलसिला लगभग दस दिनों तक चलेगा।
