यूपी में हिंसा के लिए सीएम की भाषा व उनकी पुलिस जिम्मेदार: अखिलेश यादव

यूपी में हिंसा के लिए सीएम की भाषा व उनकी पुलिस जिम्मेदार: अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेष यादव ने सरकार पर तीखा जबानी हमला करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें लगातार जनता को धोखा दे रही हैं। सरकार जानबूझ कर समाज में दीवार बनाना चाहती है। इसीलिए उत्तर प्रदेश और देश का माहौल खराब किया गया है। नागरिकता कानून का जनता समर्थन नहीं कर रही है। जो लोग भारतीय संविधान और प्रेम बल में विश्वास करते हैं वह सरकार के इस कानून के विरोध में हैं। देश ही दुनिया भर से आवाज आ रही है कि भाजपा सरकार ने संविधान के खिलाफ काम किया है। अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में ले बातें कहीं। अखिलेश ने कहा कि सीएए के विरोध में उत्तर-पूर्व में भी लोग विरोध कर रहे हैं, लेकिन उनके विरोध की वजह दूसरी है। भाजपा ने समाज के ताने-बाने को तोड.ा है। आम जनता और गरीबों को अपराधी बनाया जा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि सीएए के विरोध प्रदर्शनों के दौरान जो हिंसा हुई, उसके लिए मुख्यमंत्री की भाषा और उनकी पुलिस जिम्मेदार है। अखिलेश ने कहा कि कई वीडियो सामने आए हैं जिनमें पुलिसकर्मी खुद तोड.फोड. करते हुए नजर आ रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों पर किसने लाठीचार्ज किया? किसके कहने पर पुलिस ने लाठियां चलाईं? जिन लोगों को गोली लगी है, उनके परिजन कह रहे हैं कि उनका बेटा आन्दोलन में नहीं शामिल था। मुजफ्फरनगर से यह भी सूचना मिल रही है कि प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने नहीं बल्कि अनजान लोगों ने गोली चलाई। आखिर यह कौन लोग थे? अखिलेश ने कहा कि यह लोग भाजपा कार्यकर्ता हो सकते हैं। उत्तर प्रदेश की सरकार ये कब आकलन करेगी कि पुलिस ने कितनी तोड़फोड़ की। अखिलेश यादव ने कहा कि एनपीआर एनआरसी ही है। सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। एनपीआर में कई ऐसे बिंदु लाए गए हैं जिनके कागज ही नहीं मिलेंगे। ये लोग जो काम एनआरसी से नहीं कर पाए वो एनपीआर से कर रहे हैं। भाजपा सरकार अपने मुद्दे पर विफल है तभी ऐसा कर रही है। अखिलेश यादव ने खुद पर लगाए गए एक आरोप का जवाब देते हुए कहा, भाजपा को व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाने चाहिए। यदि वह ऐसा करेंगे तो सपा भी व्यक्तिगत आरोप लगाने से पीछे नहीं रहेगी। अखिलेश ने बिना नाम लिए कहा, सरकार के एक उपमुख्यमंत्री पर्ची की चोरी करते थे, उपमुख्यमंत्री पर केस था कि दुर्गा पूजा में गलत पर्ची से चोरी की थी। उन्होंने दुर्गा पूजा के नाम पर फर्जी चंदा जमा किया था। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में एक उपमुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री को नहीं देखना चाहते हैं तो मुख्यमंत्री भी उन उपमुख्यमंत्री को नहीं चाहते, आखिर यह कैसा प्रेम है? पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही सरकार में घमासान मचने वाला है। उपमुख्यमंत्री मुख्यमंत्री को हटाएंगे या मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री को हटाएंगे ये हम नए साल पर देखेंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up