लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव की मतगणना गुरुवार सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। शुरुआती रुझानों में रामपुर सीट पर आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा 7635 वोटों से बढ़त बना चुकीं थीं जो अंततः कायम रही। बीजेपी चाहकर भी उन्हें हरा नहीं पाई। तंजीन फातिमा, आजम का गढ़ बचाने में कामयाब रहीं। 11 विधानसभा सीटों में से सबसे दिलचस्प मुकाबला रामपुर सीट पर माना जा रहा है। यहां सपा सांसद आजम खान की साख दांव पर लगी हुई है। रामपुर को आजम खान का गढ़ माना जाता है। यहां आजम रिकॉर्ड 9 बार विधायक रहे हैं, लेकिन इस साल वह सांसद बन गए। इसके बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस सीट से आजम की पत्नी तंजीन फातिमा को सपा प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि, प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों गंगोह, रामपुर, इगलास, लखनऊ कैंट, गोविंदनगर, मानिकपुर, प्रतापगढ़, जैदपुर, जलालपुर, बलहा और घोसी के लिए 21 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इस दौरान औसतन 45.5 फीसदी वोट पड़े थे।
