सुषमा स्वराज के निधन पर योगी ने जताया दुख

सुषमा स्वराज के निधन पर योगी ने जताया दुख

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि राजनीति में मानवीयता का इतना पवित्र समावेश अत्यंत दुर्लभ है। उनका असमय जाना समाज और देश में एक रिक्तता छोड़ गया है, जिसकी पूर्ति संभव ही नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, एक कार्यकर्ता, प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक और कर्मठ जन सेविका के रूप में उन्होंने अपने अनुकरणीय जीवन से अनेकों आदर्श स्थापित किए। भाजपा के संसदीय बोर्ड की सदस्य, वरिष्ठ नेता और भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन से स्तब्ध हूं। हम सभी उनके समाज और देश के प्रति योगदान के लिए सदा सर्वदा ऋणी रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें। गौरतलब है कि, मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार देर रात निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। उनके परिवार में पति स्वराज कौशल और एक पुत्री बांसुरी स्वराज हैं। स्वराज को रात करीब 10 बजे हृदयाघात के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर पर लेकर बचाने का प्रयास किया लेकिन उनके शरीर ने साथ नहीं दिया।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up