तेजस्वी यादव का BJP पर हमला

तेजस्वी यादव का BJP पर हमला

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने शुक्रवार को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित पार्टी के मिलन समारोह में कहा कि देश में इस वक्त अघोषित आपातकाल है। जम्मू-कश्मीर में तानाशाही से विधानसभा भंग कर दी गई। देश में अब सिर्फ भाजपा की सरकार बनेगी। किसी और की बनी तो गिरा दी जाएगी। कहा कि जो भी सवाल पूछेगा या आवाज उठाएगा, उसे जेल भेज दिया जाएगा।

तेजस्वी बोले, संघ-भाजपा की शरण में जाकर नीतीश कुमार ने जनता का विश्वास तोड़ा है। लालू प्रसाद सहित पूरे परिवार पर मुकदमे लाद दिए गए हैं, मगर हमारे पिता शेर हैं। झुकने वाले नहीं हैं और हम भी उन्हीं के खून हैं। पूर्व मंत्री आलोक मेहता ने कहा कि कुशवाहा समाज को असल सम्मान लालू प्रसाद ने दिया। समाज को अब भटकना नहीं है।

तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार की जनता राजनैतिक रूप से रिटायर कर चुकी है। आह्वान किया कि सबको मिलकर भाजपा को सत्ता से बाहर करना होगा। भाजपा देश में नागपुरिया कानून लागू करना चाहती है। इस सरकार में संविधान और आरक्षण दोनों को खतरा है, क्योंकि संविधान नहीं रहा तो आरक्षण खुद ही खत्म हो जाएगा। आरोप लगाया कि नीतीश सरकार में अब तक कई घोटाले हो चुके हैं। अब मुजफ्फरपुर में ट्रेजरी घोटाला हुआ है। बालिका गृह कांड के सुबूत मिटा दिए गए। सृजन घोटाले के आरोपी खुले घूम रहे हैं। सरकार बताए कि कितने अफसरों पर अब तक कार्रवाई की गई है।

तेजस्वी और प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने फतेह बहादुर सिंह कुशवाहा को तमाम समर्थकों संग पार्टी की सदस्यता दिलायी। पूर्व मंत्री कांति सिंह, छेदीराम, मधु सिंह, सीमा सिंह, भाई अरुण आदि मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll Up